देहरादून में UK 07 Rider अनुराग डोभाल गिरफ्तार, आज कोर्ट में पेश करेगी पुलिस – Parwatiya Sansar

देहरादून में UK 07 Rider अनुराग डोभाल गिरफ्तार, आज कोर्ट में पेश करेगी पुलिस

बिग बॉस फेम यूट्यूबर अनुराग डोभाल एक बार फिर विवादों में हैं. अनुराग डोभाल के चचेरे साले राज सिंह चौहान ने उन पर अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है. राज सिंह की तहरीर पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है.पुलिस आज सभी को सिटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश करेगी.

दरअसल, राज सिंह चौहान एक कार कंपनी के शोरूम में नौकरी करता है. राज सिंह का आरोप है कि 5 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे अनुराग डोभाल कुछ युवकों के साथ उससे मिलने पहुंचा. काम में व्यस्त होने के कारण राज ने बाद में मिलने की बात कही. इसके बाद रात करीब 8 बजे वह एक कैफे पहुंचा, जहां अनुराग और उसके साथी कार में मौजूद थे. बातचीत के दौरान अनुराग डोभाल ने धमकी देते हुए कहा कि उसने दो मर्डर किए हैं. उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता.

आरोप है कि इसके बाद अनुराग ने पीछे से राज का गला दबाया और उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की. मोबाइल नहीं छीन पाने पर साथियों से उसे जान से मारने के लिए कहा गया. राज सिंह का आरोप है कि आरोपियों ने उसे कार के नीचे डालने की कोशिश की और लोहे की रॉड या किसी अन्य वस्तु से उसके सिर, छाती और मुंह पर वार किए. एक आरोपी पर चाकू और बंदूक दिखाकर धमकाने का भी आरोप लगाया गया है. पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई. उसकी घड़ी व सोने की चेन भी निकाल ली गई.

पत्नी को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद: बताया जा रहा है कि राज सिंह चौहान की चचेरी बहन रितिका, अनुराग डोभाल की पत्नी हैं. दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है. इसी विवाद को लेकर बातचीत के लिए अनुराग ने राज को बुलाया था. बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने के बाद मारपीट का आरोप लगाया गया है.

राज सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि जब आरोपी उसका मोबाइल नहीं खोल पाए तो अनुराग डोभाल ने एसएसपी को फोन किया. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पीड़ित ने बाईपास चौकी प्रभारी पर भी आरोपियों का समर्थन करने का आरोप लगाया. उसका कहना है कि उसका मोबाइल भी ले लिया गया. चौकी में अनुराग की इंस्टाग्राम आईडी का इस्तेमाल किया जा रहा था.

उधर, थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी देवेंद्र चौहान ने बताया है कि राज सिंह चौहान की शिकायत के आधार पर अनुराग डोभाल के अलावा अभय चौधरी, तपन पंडित, धवल राजपुरोहित, अभिषेक टाइगर, अभिनव श्रीवास्तव और गुरु भाई समेत अन्य लोगों के नाम का जिक्र किया है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 117(2), 191(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया. जिसके बाद यूट्यूबर अनुराग डोभाल को धारा 151 में गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने कुल चार लोगों को अरेस्ट किया है. पुलिस आज सभी को सिटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *