मुख्यमंत्री धामी ने किया शिव मंदिर के निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण, समय पर कार्य पूरा करने के दिए निर्देश – Parwatiya Sansar

मुख्यमंत्री धामी ने किया शिव मंदिर के निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण, समय पर कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पुल के पुनर्निर्माण कार्य प्रगति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने PWD के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि यह पुल देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और पर्यटकों का आवागमन होता है।

सीएम ने कहा कि यातायात को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों ओर से आवागमन के लिए बेली ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है, जो दूसरी ओर से भी शीघ्र ही पूर्ण होकर संचालित हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस स्थान पर स्थायी पुल का निर्माण कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, जिसे आगामी 2 से 3 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार पूरे प्रदेश में सड़कों और पुलों को मज़बूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राज्य के दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए, विभिन्न इलाकों में सड़कों और पुलों के निर्माण से जुड़ी कई परियोजनाओं को तेज़ी से लागू किया जा रहा है।

सीएम ने कहा कि चार धाम यात्रा और आदि कैलाश यात्रा को ध्यान में रखते हुए, सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आवश्यक बुनियादी ढांचागत कार्यों को समय पर पूरा करें, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुविधाओं को सुनिश्चित किया जा सके। सीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे कार्यों की नियमित रूप से निगरानी करें और उनकी प्रगति की लगातार समीक्षा करते रहें।





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *