टिहरी हादसा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी ने घटना पर जताया दुख, आर्थिक सहायता की घोषणा – Parwatiya Sansar

टिहरी हादसा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी ने घटना पर जताया दुख, आर्थिक सहायता की घोषणा

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में वाहन दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई. जबकि 2 लोग घायल हो गए. सभी हरिद्वार से अंतिम संस्कार क्रिया कर्म से वापस लौट रहे थे. इस दुखद घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है. साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए सहायता राशि देने की भी घोषणा की है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि,

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में एक वाहन के खाई में गिरने से लोगों की मृत्यु होने का समाचार अत्यंत दुखद है. मैं शोक-संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.

वहीं मुख्यमंत्री धामी के कार्यालय से भी इस घटना पर दुख जताया गया. बताया कि मुख्यमंत्री धामी ने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए. उन्होंने अधिकारियों को स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं.

उधर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी घटना पर दुख जताया और एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि,

जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा में चम्बा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर हुई भीषण वाहन दुर्घटना का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ. यह घटना अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदय विदारक है. ईश्वर से विनम्र प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत हुए सभी पुण्य आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें औक शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *