बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, 400 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दिल्ली की युवती लापता – Parwatiya Sansar

बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, 400 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दिल्ली की युवती लापता

उत्तराखंड में टिहरी गढवाल जिले के देवप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत तोताघाटी के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में गिरने से एक युवक घायल हो गया और युवती लापता है। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस, पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) ब्यासी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

बताया जा रहा है कि कार में एक युवक और युवती सवार थे, जिसमें युवक घायल हो गया है जबकि लापता युवती की तलाश जारी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर डीएल 11 सीडी 3154 है। एसडीआरएफ टीम ने दुर्गम और जोखिम भरे रास्ते से नीचे उतरकर वाहन तक पहुंच बनाई। मौके पर एक युवक घायल अवस्था में मिला है जिसे रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल की पहचान अनीश (22), पुत्र संदीप, निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। उसने बताया कि वाहन में उसके साथ एक युवती भी सवार थी, जिसकी पहचान सोहनी (20), निवासी दिल्ली के रूप में हुई है।

घटना के बाद से युवती लापता है, जिसकी तलाश में एसडीआरएफ द्वारा तलाश अभियान लगातार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और राहत दल पूरी गंभीरता से तलाश एवं बचाव अभियान में जुटे हुए हैं। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा जा रहा है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर विशेष सतकर्ता बरतें और वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *