उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं। अधिकतम तापमान गिरने लगा है। वहीं मंगलवार से और राहत के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का भी अनुमान है, ऐसे में गर्मी से राहत मिल सकती है। पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़
जिलों के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, ओलावृष्टि और बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं जबकि मैदानी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मौसम में बदलाव का सीधा असर मैदान से लेकर पहाड़ तक के तापमान में देखने को मिलेगा। शेष पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज बारिश और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है। उधर, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।