इंडिया’ गठबंधन विचारधारा से कांग्रेस लड़ेगी बागेश्वर उपचुनाव, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने बताया पूरा प्लान – Parwatiya Sansar

इंडिया’ गठबंधन विचारधारा से कांग्रेस लड़ेगी बागेश्वर उपचुनाव, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने बताया पूरा प्लान

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि बागेश्वर उपचुनाव इंडिया (इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव एलायंस) गठबंधन की विचारधारा से लड़ा जाएगा। शनिवार को यहां पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष माहरा ने कहा कि उनकी पार्टी से मिलती-जुलती विचारधारा रखने वाले लोग रविवार को पार्टी में शामिल होंगे। इसके बाद ही पार्टी प्रत्याशी की घोषणा होगी। भाजपा को हराना सभी का मकसद है।

शनिवार शाम माहरा ने यहां पत्रकारों से वार्ता में दावा किया कि रविवार को बसंत कुमार और भैरवनाथ समेत कई लोग कांग्रेस में शामिल होंगे। बसंत पिछले चुनाव में आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़े थे। जबकि भैरवनाथ ने निर्दलीय चुनाव लड़ा था। माहरा ने कहा कि यह चुनाव निश्चित रूप से कांग्रेस जीतेगी। लोग महंगाई, भ्रष्टाचार और महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय को अभी नहीं भूले हैं।

मणिपुर की घटना के बाद से महिलाओं में गहरा रोष है। भर्ती घोटाला, दिवंगत मंत्री चंदन राम दास की बेटी की नौकरी प्रक्रिया आदि मामलों को लेकर वह लोगों के बीच जाएंगे। इधर, 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे रंजीत दास के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर माहरा ने कहा कि रंजीत दास को खुद पर विश्वास नहीं था।

उनका नाम कांग्रेस के प्रत्याशी पैनल में गया था। रंजीत को भी पार्टी ने भरपूर सम्मान दिया। उन्होंने पार्टी का लाभ तो उठाया, लेकिन पार्टी को जरूरत के समय छोड़ दिया। माहरा ने कहा कि यदि वह पार्टी में रहते तो भीतरघात का खतरा रहता। अब यह खतरा कम हो गया है। माहरा ने दावा किया कांग्रेस उपचुनाव जीतेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

homescontents